617 भाषण - भारतीय रिज़र्व बैंक

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का लोगो

भाषण

ध्यान दे : सुव्यवस्थित प्रिंट आउट के लिए कृपया (271.00 kb ) वर्शन अपनी मशीन पर डाउनलोड करें और फिर अपने पाठ को मुद्रित करने के लिए संबंधित साफ्टवेयर प्रयोग करें
भारतीय रिज़र्व बैंक की मौद्रिक नीति की घोषणा के पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता का संशोधित प्रतिलेख: 9 अक्टूबर, 2024

आरबीआई के प्रतिभागी:
श्री शक्तिकांत दास – गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक
डॉ. माइकल डी. पात्रा – उप गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक
श्री एम. राजेश्वर राव – उप गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक
श्री टी. रबी शंकर – उप गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक
श्री स्वामीनाथन जे. – उप गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक
डॉ. राजीव रंजन – कार्यपालक निदेशक, भारतीय रिज़र्व बैंक

संचालक:
श्री पुनीत पंचोली – मुख्य महाप्रबंधक, भारतीय रिज़र्व बैंक

पुनीत पंचोली:
इस नए स्वरूप में आयोजित मौद्रिक नीति की घोषणा के पश्चात की इस पत्रकार वार्ता में आपका स्वागत है। मित्रो, हमारे साथ भारत के रिज़र्व बैंक के गवर्नर श्री शक्तिकान्त दास, उप गवर्नर डॉ. एम.डी. पात्रा, श्री एम. राजेश्वर राव, श्री टी. रबी शंकर और श्री स्वामीनाथन जे. उपस्थित हैं। हमारे साथ कार्यपालक निदेशक डॉ. राजीव रंजन और भारतीय रिज़र्व बैंक के अन्य सहकर्मी भी मौजूद हैं। शुरूआत करने के लिए, मैं गवर्नर साहब से उनके उद्घाटन भाषण के लिए अनुरोध करूंगा। उसके पश्चात, हम प्रश्न-उत्तर सत्र आयोजित करेंगे। सर, कृपया।

शक्तिकान्त दास:
धन्यवाद, पुनीत। सुप्रभात और आप सभी का स्वागत है। आप सभी को मौसमी शुभकामनाएं। ये मेरे मौद्रिक नीति विवरण के मुख्य बिंदु हैं। मैं कुछ नया नहीं कहूंगा, (संकेत करते हुए) ये मुख्य रूप से मौद्रिक नीति समिति से लिए गए हैं। अतः, मैं कुल 9 बिंदु रखना चाहूंगा, और मैं संक्षिप्त रहूंगा:

  • भारत की विकास गाथा पूरी तरह बरक़रार है।

  • मुद्रास्फीति गिरावट के मार्ग पर है, हालांकि अभी हमें कुछ दूरी तय करनी है।

  • मुद्रास्फीति के परिदृश्य में महत्वपूर्ण जोखिम हैं और इन जोखिमों को कम नहीं आंका जा सकता। हमें सतर्क रहने की आवश्यकता है।

  • मुद्रास्फीति और विकास के बीच का संतुलन अच्छी तरह से बना हुआ है।

  • बाह्य क्षेत्र स्थिर बना हुआ है और भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। विदेशी मुद्रा भंडार नए शिखर पर पहुंच रहे हैं।

  • वित्तीय क्षेत्र स्वस्थ और लचीला बना हुआ है।

  • रिज़र्व बैंक चलनिधि प्रबंधन, संचालनों में चुस्त और लचीला बना रहेगा।

  • आज की मौद्रिक नीति की कार्रवाई एमपीसी को बदलती परिस्थितियों और परिदृश्य के अनुरूप कार्य करने के लिए अधिक लचीलापन और विकल्प प्रदान करती है।

  • हम पूरी तरह से सचेत हैं कि विशेषकर तेजी से बदलते वैश्विक हालातों के मध्य, जिनमें भू-राजनीति, वित्तीय बाजार और वस्तुओं की कीमतें शामिल हैं, आत्मसंतुष्टि के लिए कोई गुंजाइश नहीं है।

धन्यवाद।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। शुरू करने से पहले, मैं यहां उपस्थित अपने मीडिया के मित्रों से अनुरोध करूंगा कि कृपया अपनी बारी का इंतजार करें। आप गलियारे के दोनों ओर माइक लिए अपने सहयोगियों को देख सकते हैं। जैसे ही मैं आपका नाम लूंगा, वे आपको माइक सौंप देंगे। समय की दृष्टि से, विनम्र अनुरोध है कि कृपया प्रति व्यक्ति केवल एक प्रश्न तक सीमित रहें और यदि समय अनुमति दे, तो हम कुछ अन्य प्रश्नों पर विचार कर सकते हैं। सर, जैसा कि उल्लेख किया गया, आज मीडिया के 24 प्रतिभागी हैं और आपकी अनुमति से, मैं नाम पुकारूंगा। अतः, मैं सीएनबीसी-टीवी18 की सुश्री लता वेंकटेश से शुरू करूंगा।

लता वेंकटेश, सीएनबीसी-टीवी18:
अवसर देने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। धन्यवाद, गवर्नर सर। यदि, या जब भी आप नीतिगत दर में कटौती करते हैं, तो क्या आपको लगता है - यह तथ्य कि जमा दरों के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा हो रही है और वे उच्च हैं - क्या यह पूरी तरह से प्रसारित या संचारित होगा, और इसलिए, आपका आकलन क्या है कि जमा दरें कब शिखर पर पहुंच सकती हैं? क्या वे शिखर पर पहुंच चुकी हैं?

शक्तिकान्त दास:
देखिए, ब्याज दरें या नीतिगत रेपो दर, एमपीसी का निर्णय विकास-मुद्रास्फीति की गतिशीलता द्वारा निर्धारित किया जाएगा। और हम इसे बार-बार कहते आए हैं। समग्र मुद्रास्फीति के परिदृश्य और विकास के परिदृश्य के आधार पर, जैसा कि मौद्रिक नीति के तहत अनिवार्य है, एमपीसी ब्याज दरों - नीतिगत रेपो दर के संबंध में निर्णय लेगी। अब ऋण दरें, जमा दरें और अन्य मनी मार्केट दरें स्वाभाविक रूप से एमपीसी द्वारा तय की गई नीति रेपो दर के अनुरूप या उसकी प्रतिक्रिया में चलेंगी। एमपीसी निश्चित रूप से कई कारकों को ध्यान में रखती है; वित्तीय स्थिरता के पहलुओं और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखा जाता है, जबकि मुद्रास्फीति के परिदृश्य और विकास को प्राथमिकता दी जाती है। एमपीसी कई अन्य कारकों को ध्यान में रखती है, लेकिन मनी मार्केट दरें, जिनमें जमा दरें या ऋण दरें शामिल हैं, वे नीति की प्रतिक्रिया देती हैं और निर्णय लेने से पहले एमपीसी द्वारा सभी कारकों को ध्यान में रखा जाता है।

लता वेंकटेश, सीएनबीसी-टीवी18:
क्या वे शिखर पर पहुंच चुकी हैं?

शक्तिकान्त दास:
नहीं, मैं यह नहीं कह सकता कि ब्याज दरें, ऋण दरें या जमा दरें शिखर पर पहुंच चुकी हैं। यह ऋणदाताओं, बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों पर निर्भर है कि वे निर्णय लें। ये समग्र आर्थिक स्थितियों के प्रतिक्रियास्वरूप व्यावसायिक निर्णय हैं।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अब हम बिजनेस स्टैंडर्ड के श्री मनोजित साहा को बुलाएंगे।

मनोजित साहा, बिजनेस स्टैंडर्ड:
नमस्कार सर। अब आपने रुख को 'तटस्थ' में बदल दिया है, जबकि आपने कहा है कि सितंबर में समग्र मुद्रास्फीति में कमी के रुख के उलटने की उम्मीद है और यह ऊंची बनी रहेगी। तो, हाथी वास्तव में वापस नहीं आया है, वह अभी भी आस-पास ही है। मेरा मतलब है, वह अभी भी जंगल में ही है। तो, जब मुद्रास्फीति के ऊंची बने रहने की उम्मीद है, तो रुख को 'तटस्थ' में क्यों बदला गया?

शक्तिकान्त दास:
मुझे लगता है कि आप हाथी से घोड़े वाले बदलाव को चूक गए। बहुत प्रयास के बाद, घोड़े को अस्तबल में लाया गया है। अस्तबल का गेट खोलने से पहले हमें बहुत सावधान रहना होगा क्योंकि हर संभावना है कि (मुद्रास्फीति वाला) घोड़ा फिर से भाग खड़ा हो। हमें इसे कसी हुई लगाम में रखना होगा और मुद्रास्फीति का लक्ष्य के साथ अधिक आश्वासन और संरेखण होना चाहिए। लेकिन विशेष रूप से, आपका प्रश्न क्या था?

मनोजित साहा, बिजनस स्टैंडर्ड:
जब मुद्रास्फीति के ऊंचे बने रहने की उम्मीद है, तो ऐसे समय पर रुख में बदलाव क्यों किया गया?

शक्तिकान्त दास:
नहीं, देखिए निकट अवधि का परिदृश्य। यदि आपने विवरण को ध्यान से पढ़ा है, तो हमने उसमें कहा है कि सितंबर में सीपीआई मुद्रास्फीति ऊंची रहेगी, जिसका डेटा सोमवार को जारी किया जाएगा। अक्टूबर में भी यह ऊंची बने रहने की उम्मीद है, शायद लगभग 5% या इसके आसपास। यह मुख्य रूप से आधार प्रभाव कारकों और खाद्य मुद्रास्फीति के कुछ घटकों में वृद्धि के कारण है। अतः, निकट अवधि में मुद्रास्फीति ऊंची बनी रहेगी, लेकिन इसके पश्चात तीसरी तिमाही में इसमें कमी आएगी। साथ ही, हमने तीसरी, चौथी और अगले वर्ष की पहली तिमाही के लिए संख्याएं भी प्रदान की हैं। इसलिए, अब हमें इस बात का अधिक आश्वासन है कि मुद्रास्फीति में कमी आ रही है, लेकिन हम पूरी तरह से सचेत हैं कि महत्वपूर्ण जोखिम मौजूद हैं। मैंने कुछ दिन पूर्व ही एफएओ और विश्व बैंक द्वारा जारी किए गए खाद्य सहित वस्तुओं की कीमतों संबंधी डेटा का उल्लेख किया है। हमें बहुत सावधान रहना होगा, इसलिए हमने वर्तमान में रूख को बदला है क्योंकि हम देखते हैं कि वृद्धि और मुद्रास्फीति अच्छी तरह से संतुलित हैं; संतुलन ठीक बना हुआ है। अतः, एमपीसी ने इसे उचित माना, रूख को 'तटस्थ' में बदलने के लिए यह समय उचित है।

मनोजित साहा, बिजनस स्टैंडर्ड:
तो, क्या यह एक मोड़ है?

शक्तिकान्त दास:
नहीं, यह आंकना आप पर छोड़ता हूं कि यह एक मोड़ है या नहीं। जैसा कि मैंने अपने वक्तव्य में कहा, तटस्थ रुख हमें निर्णय लेने के लिए विकल्प और लचीलापन प्रदान करता है।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अब हमारे पास ब्लूमबर्ग से श्री अनूप रॉय हैं।

अनूप रॉय, ब्लूमबर्ग:
धन्यवाद, सर। गवर्नर सर, आपने रुख बदला है और एक बहुत ही स्पष्ट बयान दिया है कि आप मुद्रास्फीति के लक्ष्य की ओर कम होने के कुछ स्थायी संकेत देख रहे हैं। चूंकि आप स्पष्ट संचार और पारदर्शिता को प्राथमिकता देते हैं, तो क्या यह दिसंबर की नीति या उससे भी पहले नीति के बाहर ब्याज दरों में कटौती या मोड़ के लिए एक बहुत ही मजबूत संकेत है?

शक्तिकान्त दास:
मुझे लगता है कि मैं इस प्रश्न का उत्तर देने के लिए उप गवर्नर, माइकल पात्रा को आमंत्रित करूंगा।

माइकल डी. पात्रा:
आपको केवल रुख का स्वतंत्र रूप से आकलन करना चाहिए। जैसा कि गवर्नर ने उल्लेख किया, हम मुद्रास्फीति में निकट अवधि की इस वृद्धि को गुजरते हुए देखना चाहते हैं, जैसा कि हमारे सभी अनुमान सुझाव देते हैं कि यह होने वाला है। अगला कदम उठाने पर विचार करने से पहले भी हम इसे सावधानीपूर्वक देखना चाहते हैं। अतः, हमारा पूरा ध्यान अब इस निकट अवधि की वृद्धि पर केंद्रित है।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, महोदय। अगले हमारे पास थॉमसन रॉयटर्स से सुश्री स्वाति भट हैं।

स्वाति भट्ट, थॉमसन रॉयटर्स:
बहुत-बहुत धन्यवाद, सर। गवर्नर सर, मैं केवल यह समझना चाहती थी कि अब भारत को तीनों उभरते बाजार बॉंड सूचकांकों में शामिल किया गया है - यह एफटीएसई रसेल इंडेक्स में भी शामिल हो गया है। हम पहले ही जेपी मॉर्गन और ब्लूमबर्ग इंडेक्स में शामिल थे। विदेशियों द्वारा सरकारी बॉंडों के स्वामित्व के संदर्भ में हम किस स्तर तक सहज हैं? क्या आरबीआई की कोई निश्चित सहजता सीमा है, यदि आप इसे विस्तार से समझा सकें। धन्यवाद।

माइकल डी. पत्रा:
विदेशियों द्वारा सरकारी बॉंडों का वर्तमान होल्डिंग केवल लगभग 3% है। अतः, यह प्रश्न ही नहीं उठता कि सतत स्तर क्या है। विभिन्न मार्गों के तहत भी यह बहुत, बहुत कम है। उदाहरण के लिए, एफएआर के लिए यह केवल लगभग 5.5% है। अतः, हम इन संख्याओं को एक उचित स्तर तक पहुंचने का इंतजार करेंगे, उसके बाद ही कोई राय बनाएंगे।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, महोदय। अगले हमारे पास पीटीआई से श्री आशीष अगाशे हैं।

आशीष अगाशे, पीटीआई:
सर, आपने वृद्धि के लक्ष्य को 7.2% पर ही क्यों बनाए रखा है? और आपका अनुमान है कि वर्ष के दूसरे अर्धभाग में वृद्धि में तेजी आएगी; आप ऐसा क्यों होने की उम्मीद कर रहे हैं?

शक्तिकान्त दास:
मुझे लगता है कि मैंने इसे अपने वक्तव्य में समझाया है। वृद्धि के महत्वपूर्ण चालक, अर्थात उपभोग और निवेश, काफी स्थिर बने हुए हैं; पहली तिमाही के डेटा में हमने देखा कि निजी उपभोग बहुत बेहतर था। साथ ही, निवेश के आंकड़े भी अच्छे दिख रहे हैं और निजी निवेश में तेजी के संकेत मिल रहे हैं। वास्तव में, कंपनियों के निवेश इरादों को देखते हुए, और उनके कम ऋण वाले बैलेंस शीट को ध्यान में रखते हुए, सरकार के पूंजीगत व्यय को देखते हुए, सभी संकेतों से लगता है कि निजी पूंजीगत व्यय के साथ-साथ सरकार का पूंजीगत व्यय भी अच्छा प्रदर्शन कर रहा है और सेवा क्षेत्र भी अच्छा प्रदर्शन जारी रखे हुए है। इसके अलावा, कृषि क्षेत्र इस बार न केवल आपूर्ति पक्ष में, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में उपभोग मांग के लिए भी एक बड़ी बढ़ावा देने वाला साबित होने वाला है। दक्षिण-पश्चिम मानसून बहुत अच्छा रहा है। एक अच्छी रबी उपज की उम्मीदें भी काफी मजबूत हैं, जिसका श्रेय ऊंचे जलाशय स्तरों और मिट्टी की नमी की स्थितियों को जाता है। अतः, ग्रामीण मांग में अपनी गति बनाए रखने की उम्मीद है। शहरी मांग स्थिर बनी हुई है और इसे फूले-फले सेवा क्षेत्र से समर्थन मिलेगा। अतः, यदि आप इन सभी बातों को एक साथ रखें, तो मुझे लगता है कि हमें 7.2% की संख्या प्राप्त होती है। और जैसा कि मैं पहले ही स्पष्ट कर चुका हूं, पहली तिमाही के आंकड़े, जो 6.7% आए थे, वे मुख्य रूप से केंद्र और राज्य सरकारों दोनों द्वारा कम व्यय के कारण थे, शायद क्योंकि यह चुनावी मौसम के साथ मेल खाता था। लेकिन अब हमें यह अहसास हो रहा है कि दोनों राज्यों और केंद्र सरकार के व्यय अपने बजट अनुमानों को पूरा करेंगे। एक महत्वपूर्ण पहलू भी है, जिसे शायद नजरअंदाज कर दिया गया, लेकिन जिसे सितंबर में जारी हुई 'स्टेट ऑफ इकोनॉमी' (अर्थव्यवस्था की स्थिति), जो कि पिछले महीने की बुलेटिन की लेख था, में उजागर किया गया था। अब यदि आप पहली तिमाही को देखें, तो विशेष रूप से राज्य सरकारों द्वारा और कुछ हद तक केंद्र सरकार द्वारा भी सब्सिडी का भुगतान बहुत अधिक था। तो, जीडीपी मूल रूप से जीवीए में अप्रत्यक्ष कर जोड़ें और सब्सिडी घटाएं। सब्सिडी बहुत अधिक थी। वास्तव में, यदि आप सब्सिडी के प्रभाव को हटा दें, तो जीडीपी वृद्धि 7.0% से काफी ऊपर रही होती। मेरे पास संख्या है, लेकिन मैं नहीं चाहता कि यह सुर्खियां बने। वास्तविक जीडीपी वृद्धि 7% से ऊपर रही होती, लेकिन यह एक सांख्यिकीय पहलू है। हम सांख्यिकीय कारकों के आधार पर नहीं चलते; हम जमीनी स्तर पर वास्तविक आर्थिक गतिविधि को देखते हैं और मैंने अभी समझाया कि हम 7.2% पर ही क्यों टिके हुए हैं। हमारे पास केवल पहली तिमाही का डेटा है; दूसरी तिमाही का डेटा केवल नवंबर के अंत में आएगा। वर्ष का दूसरा अर्धभाग अभी शुरू हुआ है। और हमारा अहसास यह है कि वृद्धि अपनी गति बनाए हुए है। इसलिए, हम 7.2% पर ही टिके हुए हैं।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अब मैं इकोनॉमिक टाइम्स की सुश्री संगीता मेहता से अनुरोध करूंगी।

संगीता मेहता, इकोनॉमिक टाइम्स:
धन्यवाद, गवर्नर सर। सर, एनबीएफसी के साथ हमारी बातचीत में जो प्रतिक्रिया हमें मिलती है, वह यह है कि भारत में क्रेडिट-टू-जीडीपी अनुपात(क्रेडिट की तुलना में जीडीपी का अनुपात) अभी भी बहुत कम है। इस संदर्भ में, आरबीआई का जो अवलोकन है कि वहां वास्तविक वृद्धि की तुलना में अधिक 'पुश इफेक्ट' (धक्का देने वाला प्रभाव) है, आप इस निष्कर्ष पर कैसे पहुंचे? क्या ऐसा इसलिए है क्योंकि एनपीए में भारी वृद्धि हुई है या आरबीआई के पास कोई अन्य निष्कर्ष हैं?

शक्तिकान्त दास:
देखिए, यह 'पुश इफेक्ट' कुछ विशिष्ट एनबीएफसी तक सीमित है। मैं पूरे एनबीएफसी क्षेत्र के लिए सामान्यीकरण नहीं कर रहा हूं। मैंने यह भी बहुत स्पष्ट रूप से कहा है कि समग्र एनबीएफसी क्षेत्र स्थिर बना हुआ है और इसकी सेहत अच्छी है। लेकिन अधिक विशिष्ट रूप से, मैं इस प्रश्न का उत्तर देने के लिए महानिदेशक स्वामीनाथन जी से अनुरोध करूंगा।

स्वामीनाथन जे.:
धन्यवाद, सर। देखिए, जैसा कि गवर्नर ने कहा, यह संदेश एक तरफ तो कुछ विशिष्ट खिलाड़ियों के लिए है; दूसरी तरफ, यह कुछ चुनिंदा खंडों के लिए है जिनमें हमें असामान्य वृद्धि दिखाई दे रही है। इन खंडों को पिछले वर्ष की हमारी विवेकपूर्ण कार्रवाई में भी चिह्नित किया गया था। जून के आंकड़ों के साथ-साथ जुलाई और अगस्त की संख्याओं से जो टिप्पणी आप देखेंगे - सितंबर के आंकड़े अभी बाकी हैं - वह यह है कि कुछ चुनिंदा खंडों में फिसलन में वृद्धि और क्रेडिट लागत में थोड़ी अधिकता देखी गई है। अतः, यह संदेश उन एनबीएफसी के लिए लक्षित है जो उच्च-जोखिम, उच्च-वृद्धि वाली रणनीति अपना रहे हैं और साथ ही उन खंडों के लिए भी जो हमारे अनुमान के अनुसार तनाव में आ सकते हैं। इसलिए, यह एक सामान्यीकृत संदेश नहीं है। इसे उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए।

लता वेंकटेश, सीएनबीसी-टीवी18:
क्या अब उच्च जोखिम भार (higher risk weight) आएगा?

स्वामीनाथन जे.:
इसके लिए, गवर्नर के वक्तव्य को अंतिम पंक्ति तक ध्यान से पढ़ें, जिसमें बहुत स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हम आने वाली जानकारी पर नजर रख रहे हैं और फिर यथाउचित कदम उठाएंगे।

संगीता मेहता, इकोनॉमिक टाइम्स:
क्या एनबीएफसी के कोई विशिष्ट खंड हैं?

स्वामिनाथन जे.:
यह फिर से वक्तव्य में ही निहित है। वक्तव्य में पहले ही तीन खंडों का उल्लेख किया जा चुका है।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, महोदय। मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि कृपया माइक में बोलें, क्योंकि यदि आप यहां माइक में नहीं बोलेंगे, तो बाहर के लोगों को सुनाई नहीं देगा। अगला प्रश्न मनीकंट्रोल की सुश्री हंसिनी कार्तिक का है।

हंसिनी कार्तिक, मनीकंट्रोल:
धन्यवाद, गवर्नर सर। मेरा प्रश्न वास्तव में एनबीएफसी पक्ष पर ही है, विशेष रूप से सूक्ष्म वित्त ऋणों से संबंधित है। सूक्ष्म वित्त को एक ऐसे क्षेत्र के रूप में देखा जा रहा है जहां 7-9% का क्रेडिट नुकसान हो सकता है, और उद्योग के अधिकांश खिलाड़ियों का मानना है कि जोखिम को ब्याज दरों में समाहित किया जा सकता है, जिसका ब्याज दरों पर कुछ हद तक प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिसे आपने आज आंशिक रूप से रेखांकित भी किया है। इसका मुकाबला करने के लिए, क्या कोई ऐसा उपाय कार्यवाही में है जिसे आप देख रहे हैं, और आपका क्या मानना है कि वर्तमान बाजार में जोखिम का मूल्यांकन करना आपके सभी के लिए काफी संभव है? यदि मैं प्रश्न में यह जोड़ सकूं, तो सूक्ष्म वित्त उद्योग ने भी (दिशा-निर्देशों के संबंध में) यह सुझाव दिया है कि क्या बैंक और एनबीएफसी कुछ वर्ष पूर्व आए मानदंडों में संशोधन के लिए प्रस्ताव रख सकते हैं। क्या यह विचाराधीन है, क्या आप वहां कुछ मानदंडों में संशोधन के लिए खुले हैं?

शक्तिकान्त दास:
मुझे लगता है कि मैं इस प्रश्न का उत्तर देने के लिए महानिदेशक राजेश्वर राव से अनुरोध करूंगा।

एम. राजेश्वर राव:
नहीं, मुझे लगता है कि जिस मुद्दे को हम रेखांकित कर रहे हैं, उसमें वास्तव में कोई विरोधाभास नहीं है। ऋणदाताओं से अपेक्षा की जाती है कि वे एक्सपोजर के वास्तविक जोखिम का मूल्यांकन करें और ब्याज दरें जोखिम के असमानुपाती नहीं होनी चाहिए। आप जिन उच्च क्रेडिट नुकसानों का उल्लेख कर रहे हैं, वे संभवतः कमजोर हामीदारी मानकों को दर्शाते हैं और यही वह संदेश है जो हम दे रहे हैं कि हामीदारी मानकों को मजबूत किया जाना चाहिए ताकि जोखिम का उचित मूल्यांकन किया जा सके। यदि ऐसा होता है, तो वास्तव में कोई विरोधाभास नहीं है, और उधारकर्ताओं को अधिक उपयुक्त दरें मिलेंगी। सूक्ष्म वित्त संस्थान (एमएफआई) दिशा-निर्देशों पर प्राप्त प्रतिक्रिया के संबंध में, हमें प्रतिक्रिया मिल रही है। हम उचित समय पर इसकी समीक्षा करेंगे और देखेंगे कि क्या उस समय किसी संशोधन की आवश्यकता है।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अब मैं जी बिजनेस के श्री ब्रजेश कुमार को उनका प्रश्न पूछने के लिए आमंत्रित करूंगा।

ब्रजेश कुमार, जी बिजनेस:
धन्यवाद, सर। सर, आपने एनबीएफसी की "किसी भी कीमत पर वृद्धि" के बारे में बात की है। लेकिन हाल के अतीत में कुछ ऐसी घटनाएं हुई हैं जहां बैंक कर्मचारियों ने आत्महत्या की है, कम से कम उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने आत्महत्या की क्योंकि उन्हें ऐसे लक्ष्य दिए गए थे जिन्हें वे पूरा नहीं कर पा रहे थे। आपने एनबीएफसी के बारे में बात की, लेकिन क्या आपके पास बैंकिंग पक्ष पर भी ऐसे इनपुट हैं? या आपके पास इसके बारे में कोई विचार हैं?

शक्तिकान्त दास:
देखिए, मैंने भी अखबार में आई एक-दो ऐसी घटनाओं को देखा है। देखिए, हम बहुत प्रभावी और गहरी निगरानी कर रहे हैं, और हम बैंक के संपर्क में हैं। एक या दो घटनाओं के आधार पर पूरे सिस्टम के लिए सामान्यीकरण करना सही नहीं है। जांच एजेंसियां हुई कुछ घटनाओं की जांच कर रही हैं, हम उसके परिणाम देखेंगे। लेकिन, हमें दो-तीन मामलों के आधार पर सामान्यीकरण नहीं करना चाहिए। साथ ही, मैं यह कहना चाहूंगा कि न केवल एनबीएफसी को, बल्कि बैंकों को भी उचित आचार संहिता 'फेयर प्रैक्टिसेस कोड' का पालन करना चाहिए। हम यह निगरानी करते हैं कि ये व्यक्तिगत संस्थाएं किस हद तक कोड का पालन कर रही हैं या नहीं, और जहां भी हमें कोई कमी दिखाई देती है, हम इन मुद्दों को इन संस्थाओं के साथ उठाते हैं, चाहे वे बैंक हों या एनबीएफसी। अतीत में आपने देखा होगा कि हमने कई कार्रवाई की हैं, जिनमें मौद्रिक जुर्माना लगाना शामिल है, साथ ही हमने व्यवसायिक प्रतिबंध भी लगाए हैं।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अब मैन इन्फॉर्मिस्ट के श्री सिद्धार्थ उपासनी से अनुरोध करूंगा।

सिद्धार्थ उपासनी, इन्फॉर्मिस्ट:
धन्यवाद, सर। शुभ अपराह्न, गवर्नर सर। 2014 के बाद जब लचीला मुद्रास्फीति लक्ष्यीकरण ढांचा अपनाया गया था, तब वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट मुद्रास्फीति को कम करने में वास्तव में सहायक रही थी। मौद्रिक नीति रिपोर्ट में, मुझे लगता है कि आपने वर्ष के दूसरे अर्धभाग के लिए कच्चे तेल के अपने अनुमान को 85 अमेरिकी डॉलर से घटाकर 80 अमेरिकी डॉलर कर दिया है। लेकिन क्या अब इन परिस्थितियों में, इन नए वैश्विक गतिशीलताओं के बीच, घरेलू स्तर पर मुद्रास्फीति को कम करने के लिए कच्चे तेल की कीमतों पर भरोसा करना अधिक कठिन हो गया है और क्या यह ब्याज दर के निर्णयों में एक छोटा विचार बन गया है? और दूसरा प्रश्न एमपीसी के बाहरी सदस्यों के संबंध में है। आप चयन समिति का हिस्सा हैं। क्या चयन समिति द्वारा समष्टिअर्थशास्त्र, मुद्रास्फीति, ब्याज दरों और मौद्रिक नीति के विशेषज्ञों से परे देखने के लिए कोई सचेत प्रयास किया गया था? धन्यवाद।

शक्तिकांत दास:
नहीं, मैं इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता, या मैं मौद्रिक नीति समिति की विचार-विमर्श का उल्लेख नहीं करना चाहूंगा। ये समिति की आंतरिक विचार-विमर्श हैं। मेरे लिए मौद्रिक नीति समिति की आंतरिक विचार-विमर्श पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा, यह ठीक नहीं होगा। समिति की सिफारिशें अनुमोदन के लिए एसीसी(कैबिनेट नियुक्ति समिति) के पास जाती हैं, इसलिए यह उचित नहीं होगा। अतः, मैं इस पर टिप्पणी नहीं करूंगा। आपके प्रश्न के पहले भाग के संबंध में, मैं उप गवर्नर पत्रा जी से इसका उत्तर देने का अनुरोध करूंगा।

माइकल डी. पात्रा:
तो, यदि आपने इस वर्तमान अवधि में ध्यान दिया हो, तो तेल की कीमत एक निश्चित दिन 70 अमेरिकी डॉलर तक चली गई थी और अब यह 80 अमेरिकी डॉलर पर आ गई है। और आपने सही अवलोकन किया कि हमने एमपीआर में कच्चे तेल के संबंध में अपनी धारणा बदली है। लेकिन यदि आप एक अधिक मध्यम अवधि के परिप्रेक्ष्य को देखें, तो आप पाएंगे कि कच्चे तेल की कीमतों का परिदृश्य वास्तव में आज की तुलना में अधिक नरम है। इसके कारण यह हैं कि एक, ओपेक+2025 तक चरणबद्ध तरीके से उत्पादन कटौती को बहाल करने की योजना बना रहा है। दूसरा, अंतर्राष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी का अनुमान है कि कच्चे तेल की मांग वास्तव में अभी की तुलना में नरम है। तीसरी बात यह है कि बढ़ते हुए नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत बिजली उत्पादन और शक्ति में एक बड़ा हिस्सा हासिल कर रहे हैं। अतः, ये सभी कारक कच्चे तेल पर एक नरम परिदृश्य प्रस्तुत करते हैं।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, महोदय। टाइम्स ऑफ इंडिया के श्री मयूर शेट्टी, क्या आपके पास कोई प्रश्न है?

मयूर शेट्टी, टाइम्स ऑफ इंडिया:
गवर्नर सर, पिछले वर्ष जब आपने दर वृद्धि को रोक दिया था, तो आपने यह बहुत स्पष्ट कर दिया था कि यह एक 'विराम' है, 'मोड़' नहीं। इस बार आप इसे खुला छोड़ रहे हैं; आप कह रहे हैं कि आप इस पर टिप्पणी नहीं कर रहे कि यह एक मोड़ है। लेकिन साथ ही, रुख बदलकर 'तटस्थ' कर दिया गया है। तो, हम इसे कैसे देखें? क्या यह आसानी की दिशा में एक छोटा कदम है या यह दर कार्रवाई से पूरी तरह से स्वतंत्र है?

शक्तिकांत दास:
नहीं, देखिए, आज हम उस स्थिति में हैं जहां वृद्धि और मुद्रास्फीति अच्छी तरह से संतुलित हैं, जो यह दर्शाने में काफी हद तक सहायक है कि मौद्रिक नीति ढांचा - लचीला मुद्रास्फीति लक्ष्यीकरण (एफआईटी) ढांचा - काम कर रहा है और इसने अपनी काबिलियत साबित की है। अब ऐसी परिस्थितियों में, जब आप जानते हैं कि दोनों मुद्रास्फीति और वृद्धि संतुलित हैं, तो 'निभावकारी रुख हटा लेना' के साथ बने रहने का कोई मतलब और औचित्य नहीं था। हमने वह हासिल कर लिया है जो हम हासिल करना चाहते थे। अब भविष्य का रास्ता अनिश्चितताओं से भरा हुआ है, जिन्हें मैंने सूचीबद्ध किया है, और इन अनिश्चितताओं और जोखिमों को कम नहीं आंका जा सकता। हमने अनुमान दिए हैं। जबकि हमें इस बात का अधिक आश्वासन है कि मुद्रास्फीति में कमी आ रही है, लेकिन हमारे सामने जो महत्वपूर्ण जोखिम मौजूद हैं और जो हमें घूर रहे हैं, उन्हें देखते हुए, ब्याज दर कटौती के समय के संदर्भ में विशिष्ट रूप से बात करना अनुचित होगा, यह उचित नहीं होगा। हमें अस्तबल का दरवाजा खोलने के मामले में बहुत सावधान रहना होगा। धन्यवाद।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अगला, मैं ईटी नाउ के श्री अंकुर मिश्रा से अनुरोध करूंगा।

अंकुर मिश्रा, ईटी नाउ:
धन्यवाद, सर। सर, पिछले कुछ नीतियों में बैंकों के लिए भी चेतावनियां दी गई थीं। इस बार आपने एनबीएफसी को उन विशिष्ट मामलों के संबंध में चेतावनी दी है जो आपने देखे होंगे। मैं यह समझना चाहता हूं कि भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा की गई कार्रवाइयों और दी गई चेतावनियों के साथ, क्या वांछित परिणाम प्राप्त हुआ है ताकि इस बार बैंक का कोई उल्लेख न हो? और समग्र रूप से, आपका आकलन क्या है कि नियामक द्वारा पहले दी गई चेतावनी से वांछित परिणाम मिले हैं? और साथ ही सर, एक और बात, कृपया इसे प्रश्न न मानें, कि आपने इस बार जानवर को हाथी से बदलकर घोड़ा क्यों किया है?

शक्तिकांत दास:
बदलने का कारण - यह कोई बदलाव नहीं है - पहले मैंने हाथी का उपयोग किया था, इस बार मैं घोड़े का उपयोग कर रहा हूं, इसका कारण यह है कि यह मुद्रास्फीति के खिलाफ एक युद्ध है। और एक युद्ध में, ऐतिहासिक रूप से हाथियों और घोड़ों का उपयोग किया जाता रहा है। धन्यवाद।

लता वेंकटेश, सीएनबिसी-टीवी18:
साथ ही, अर्जुन की दृष्टि भी नहीं है।

शक्तिकांत दास:
अर्जुन अपनी ब्रह्मास्त्र या नारायण अस्त्र या विभिन्न अस्त्रों के साथ तब आएंगे जब आवश्यकता होगी, यदि और जब आवश्यक हो। हम निस्संदेह निगाह जमाए हुए हैं। लेकिन, मुझे लगता है कि गंभीरता से, उप गवर्नर स्वामीनाथन मुख्य प्रश्न का उत्तर दे सकते हैं। उप गवर्नर स्वामीनाथन, कृपया।

स्वामीनाथन जे.:
धन्यवाद, गवर्नर सर। देखिए, किसी भी नियामक या पर्यवेक्षी कार्रवाई के संबंध में, यह अपेक्षित है कि इसका वांछित प्रभाव पड़े और जैसा कि हमने अतीत में भी देखा है कि संस्थाएं हमारे द्वारा दिए गए संदेश का जवाब देती हैं। इस लिहाज से, हमने चाहे नियामक कदम उठाए हों, सावधानीपूर्वक उपाय किए हों, सक्रिय कदम उठाए हों या पर्यवेक्षी कार्रवाई की हो, सभी का अच्छा प्रभाव पड़ा है और साथ ही बाकी उद्योग के लिए भी एक प्रदर्शनी प्रभाव पड़ा है कि वे नियामक दिशा-निर्देशों के साथ पंक्तिबद्ध हो जाएं। अतः, हमें उस प्रयास पर कोई संदेह नहीं है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हम आत्मसंतुष्ट हो सकते हैं। अतः, हम सतर्क बने रहते हैं और हम अपने ऑनसाइट परीक्षणों के साथ-साथ ऑफसाइट डेटा एनालिटिक्स के माध्यम से, विभिन्न खंडीय कार्यों के माध्यम से विभिन्न संस्थाओं के व्यवहार पर नजर रखते हैं, हम यथानिहित कदम उठाएंगे। और प्रत्येक भाषण में, एक निश्चित विषय दिया जाता है, उस महीने के लिए प्रासंगिक माने जाने वाले पहलुओं पर ध्यान केंद्रित किया जाता है। तो, एक निश्चित बिंदु पर हम बैंकों को संदेश दे रहे थे और आज क्योंकि ये 2-3 वस्तुएं एनबीएफसी के लिए अधिक प्रासंगिक थीं, इसलिए उन्हें रेखांकित किया गया, लेकिन यदि आपने इसे बारीकी से देखा हो, तो उस अनुच्छेद का अंत सभी संस्थाओं को कवर कर रहा था, केवल एनबीएफसी को नहीं। अतः, संदेश सामान्य है।

शक्तिकांत दास:
और साथ ही मैं बस यह जोड़ना चाहूंगा जो फिर से वक्तव्य में है। हम बैंकों और एनबीएफसी या किसी अन्य वित्तीय संस्था को विरोधी (adversaries) के रूप में नहीं देखते हैं। हम सहयोग की भावना के साथ उनके करीब काम करते हैं और जैसा कि मैंने अपने वक्तव्य में कहा है, हम हमेशा स्वयं-सुधार की उम्मीद करते हैं और हम चाहे वह बैंक हो या एनबीएफसी, उन्हें अपने स्तर पर आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के लिए पर्याप्त समय देते हैं। हम उन्हें ऐसा करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। अतः, यह एक विरोधाभासी संबंध नहीं है, लेकिन देश की वित्तीय प्रणाली के नियामक और पर्यवेक्षक के रूप में, यह हमारा कर्तव्य है कि हम इंगित करें जहां हमें संभावित या संभावित जोखिम अधिक गंभीर होते हुए दिखाई देते हैं और उन्हें सुधारात्मक कार्रवाई करने की सलाह दें।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, महोदय। अगला, मैन फाइनेंशियल एक्सप्रेस के श्री सचिन कुमार से अनुरोध करूंगा।

सचिन कुमार, फाइनेंशियल एक्सप्रेस:
सर, शुभ अपराह्न। हाल ही में, आरबीआई ने यह परिपत्र जारी किया था कि स्वर्ण ऋण के वितरण में अनियमितताएं पाई गई हैं। अतः, मैन यह समझना चाहता हूं कि यह समस्या कितनी बड़ी थी और क्षेत्र के किन खंडों में, उदाहरण के लिए बैंक, फिनटेक, एनबीएफसी, आपने इन चीजों को अधिक होते पाया? और यदि आप थोड़ा पीछे जाएं, तो हमने देखा है कि आपने केवायसी और आइटी के संबंध में भी कार्रवाई की है। अतः, दूसरा भाग यह है कि क्या आप मानदंडों की अनदेखी करने की प्रवृत्ति में वृद्धि देख रहे हैं?

शक्तिकांत दास:
मुझे लगता है कि उप गवर्नर स्वामीनाथन जी इसका उत्तर दे सकते हैं।

स्वामीनाथन जे.:
देखिए, स्वर्ण ऋण संबंधी परिपत्र जिसका आप उल्लेख कर रहे हैं, वह स्पेक्ट्रम भर में विभिन्न वित्तीय संस्थाओं के व्यापक ऑनसाइट परीक्षण के आधार पर और हमारे पास मौजूद ऑफसाइट डेटा मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से एकत्रित डेटा के आधार पर जारी किया गया था। उस आधार पर, हमने स्वर्ण ऋण पोर्टफोलियो के संचालन में कुछ कमियां देखीं। अतः, मुझे लगता है कि विवरण पहले से ही परिपत्र के अनुलग्नक में उपलब्ध हैं। अतः, मैं उसमें उल्लिखित बातों के अलावा और कुछ जोड़ नहीं सकता और यह सभी अन्य प्रतिभागियों के लिए एक संदेश है कि वे अपनी नीतियों और प्रक्रियाओं को सही करें। हमने एक निश्चित समय सीमा दी है जिसके भीतर हम उनसं इन कमियों को सही करने की उम्मीद करते हैं, और हम समय आने पर इसकी जांच करेंगे यह देखने के लिए कि क्या दिशानिर्देशों का पालन अपेक्षानुसार हो रहा है। आपके प्रश्न का दूसरा भाग कि क्या विनियमों की अनदेखी करने की कोई प्रवृत्ति है, मैन ऐसा नहीं सोचता, यह कुछ ऐसा नहीं है जो व्यापक हो। ये अवलोकन कुछ संस्थाओं से संबंधित हैं। अतः, हम उनसं द्विपक्षीय रूप से जुड़ते हैं और हम उन संस्थाओं पर द्विपक्षीय आधार पर पर्यवेक्षी कार्रवाई करेंगे। लेकिन यह संदेश बाकी उद्योग के लिए है और इसे एक सामान्य पद में देखा जाना चाहिए और इसे समग्र गैर-अनुपालन के रूप में नहीं समझा जाना चाहिए। ये कुछ असामान्य व्यवहार हैं जो इन निर्देशों के माध्यम से उजागर होते हैं।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, महोदय। अगला, मैन श्री बेन जोस से उनका प्रश्न पूछने का अनुरोध करूंगा।

बेन जोस, द न्यू इंडियन एक्सप्रेस:
शुभ अपराह्न, सर। आपने कहा है कि वृद्धि दर मजबूत है और वृद्धि को कोई जोखिम नहीं है। लेकिन हाल के नवीनतम पीएमआई आंकड़े, दोनों सेवा और विनिर्याण क्षेत्रों में, एक तीव्र गिरावट दिखाते हैं - सेवा क्षेत्र 9 महीने के निम्नतम स्तर पर है और विनिर्याण क्षेत्र 10 महीने के निम्नतम स्तर पर है। हालांकि ये अभी भ सकारात्मक क्षेत्र में हैं, लेकिन क्या आप इसे केवल एक बार की घटना मान रहे हैं और उद्योग का आउटलुक नए आदेश प्राप्त करने के लिए नकारात्मक भ है? अतः, क्या यह एक बार की घटना है या आपका वृद्धि परिदृश्य मजबूत क्यों बना हुआ है और दर बनाए रखी गई है, जबकि ज़मीनी स्तर के संकेतक दूसरी ओर इशारा कर रहे हैं?

शक्तिकांत दास:
देखिए, किसी भी समय, पुश और पुल कारक होते हैं। ऐसे कारक होंगे जहां गतिविधि, आर्थिक वृद्धि धीमी हो सकती है, ऐसे क्षेत्र होंगे जहां आर्थिक वृद्धि तेज होगी। यह हर समय एक मिश्रित स्थिति होती है। हमें अभिभूत भावना, समग्र भावना प्राप्त करनी होगी। और यहां तक कि सेवा पीएमआई या विनिर्माण पीएमआई, वे अभी भ अत्यंत उच्च स्तरों पर हैं। और मुझे लगता है कि संभवतः भारत के पीएमआई आंकड़े वैश्विक स्तर पर सभी देशों में सर्वोच्च हैं। मुझे लगता है कि विनिर्याण में 56.5 और सेवाओं में लगभग 57 अंक, ये दुनिया में सर्वोच्च हैं। वे अभी भी काफी ऊंचे हैं; वे अभी भी विस्तार क्षेत्र में बहुत मजबूती से हैं। अतः, इसलिए, मुझे लगता है कि हमें केवल एक संख्या पर आधारित नहीं होना चाहिए, हमें समग्र आर्थिक गतिविधि, समग्र अर्थव्यवस्था के कई अन्य पहलुओं में इतने सकारात्मक पहलुओं की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। सर, आपकी अनुमति से अंतिम दो प्रश्न। श्री ललतेंदु मिश्रा (द हिंदू से) यदि आप कोई प्रश्न पूछना चाहें।

ललतेंदु मिश्रा, द हिंदू:
शुभ अपराह्न, गवर्नर सर। मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से हम अतिरिक्त किस जोखिम की उम्मीद कर रहे हैं और हमारे पास क्य सावधानियां हैं? बहुत बहुत धन्यवाद।

माइकल डी. पात्रा:
हमने भू-राजनीतिक जोखिम को उन कारकों में से एक के रूप में उद्धृत किया है जो हमारे जोखिमों के संतुलन में हैं। लेकिन जैसा कि गवर्नर सर ने उल्लेख किया, हमारी अपनी वृद्धि और मुद्रास्फीति की गतिशीलता काफी मजबूत है। और हम दुनिया के बाकी हिस्सों से होने वाले प्रसार-प्रभाव के विरुद्ध बफर भी बना रहे हैं। अतः, मुझे लगता है कि हम भारत के लिए विकसित हो रही स्थिति के बारे में कुछ महीनों पहले की तुलना में अधिक आश्वस्त हैं।

पुनीत पंचोली:
धन्यवाद, सर। अंत में, हमारे पास हिंदू बिजनेस लाइन के श्री के. राम कुमार होंगे।

के. राम कुमार, हिंदू बिजनेस लाइन:
सर, आपने अपने वक्तव्य में वास्तव में FIT ढांचे पर विस्तार से चर्चा की थी। अतः, मैन बस यह समझना चाहता था कि आपने उस विशिष्ट वक्तव्य पर इतना समय क्यों बिताया? क्या आप उस बैंड की भी किसी समीक्षा पर विचार कर रहे हैं, मुद्रास्फीति के लिए एक सहनशीलता बैंड ? इस प्रकार की कोई चर्चा?

शक्तिकांत दास:
देखिए, मैनें उल्लेख किया। मैनें यह कहते हुए शुरुआत की कि एमपीसी ढांचा, एफआईटी ढांचा, 8 वर्ष पूरे कर चुका है - दो मौद्रिक नीति समितियां, अलग-अलग बाहरी सदस्यों के सार्थ, वह पहले से ही समाप्त हो चुकी हैं। अब हमारे पास एमपीसी के तीसरे सेट के बाहरी सदस्य हैं। एमपीसी ने 8 वर्ष पूरे कर लिए हैं और आज की बैठक एमपीसी की अपनी शुरुआत से अब तक की 51वीं बैठक थी। अतः, यह आत्ममंथन करने और यह देखने का क्षण है कि ढांचा कैसे काम कर रहा है। और मैं कहता हूं कि ढांचे ने उन अवधियों के दौरान बहुत अच्छा काम किया है जब हमने एकाधिक आघातों) को देखा। और यह विलिन्न ब्याज दर चक्रों के दौरान भी अच्छी तरह से काम करा है। इसने अपनी ताकत साबित की है। इसने अपनी काबिलियत साबित की है। और इसे किसी समीक्षा या उस प्रकार की किसी चीज से जोड़ा नहीं जाना चाहिए। यह केवल आत्ममंथन करने, पीछे मुड़कर देखने और यह आकलन करने का क्षण था कि प्रणाली ने कैसे काम किया, और प्रणाली ने बहुत अच्छा काम किया है। मुझे लगता है कि हम एकाधिक चुनौतियों का जवाब देने में सक्षम रहे हैं। मुझे लगता है कि मैन कहूंगा कि हमने उचित रूप से जवाब दिया है। मैन अपने वक्तव्य को योग्यतम कर रहा हूं। यह उचित रूप से काम करा रहा है, और यह हमें संतुष्टि देता है।

पुनीत पंचोली:
सर, कृपया एक अंतिम प्रश्न। एनडीटीवी प्रॉफिट से सुश्री पल्लवी नहटा।

शक्तिकांत दास:
जी, कृपया।

पल्लवी नहटा, एनडीटीवी प्रॉफिट:
अवसर देने के लिए धन्यवाद। सर, आपने उच्च आवृत्ति वाले संकेतकों के संदर्भ में यह बात कही थी कि यह एक मिश्रित स्थिति है। यह संभावना है कि हम इनमें से कुछ में जो वर्तमान गतिशीलता में कमी देख रहे हैं, वह मौसमी हो सकती है, लेकिन चूंकि आपने मुद्रास्फीति में कुछ ऊपरी जोखिमों को भी रेखांकित किया है, तो क्या हम फिर किसी ऐसे संभावित परिदृश्य को भी देख रहे हैं जहां उच्च ब्याज दरें भविष्य में वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं, यह देखते हुए कि हमने तिमाही 3 और तिमाही 4 के लिए काफी महत्वाकांक्षी वृद्धि दरों का अनुमान लगाया है?

शक्तिकांत दास:
वर्तमान में, हमें उच्च ब्याज दरों के वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डालने का कोई प्रमाण नहीं दिख रहा है। वृद्धि बहुत मजबूत बनी हुई है। निवेश के इरादे काफी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं और वर्तमान में, हमारे पास यह कहने के लिए कोई प्रमाण नहीं है कि यह वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है। और ये उच्च दरें अब दो वर्ष से अधिक समय से मौजूद हैं। वास्तव में, मुझे लगता है कि फरवरी 2023 अंतिम वृद्धि थी क्योंकि अप्रैल 2023 से यह एक विराम था। अतः, पिछले वर्ष फरवरी से ही, यह पहले से ही 1.5 वर्ष हो गया है, वृद्धि दृढ़ बनी हुई है, स्थिर बनी हुई है। अतः, इस समय यह कहना या यह कहना कि ब्याज दरें वृद्धि पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही हैं, सही नहीं होगा। मुझे लगता है कि आर्थिक गतिविधि अच्छी तरह से बनी हुई है।

पुनीत पांचोली:
सर, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। इसके साथ ही, हम इस पत्रकार वार्ता को समाप्त करते हैं। प्रश्नों को स्वीकार करने के लिए मैं भारतीय रिज़र्व बैंक के शीर्ष प्रबंधन का आभार व्यक्त करता हूं। मैं मीडिया मित्रों से अनुरोध करता हूं कि वे उस ओर पीछे वाले दरवाजे का उपयोग करें और बाहर आएं। सबको धन्यवाद और आपका दिन शुभ हो।

शक्तिकांत दास:
बहुत-बहुत धन्यवाद।


2026
2025
2024
2023
2022
2021
2020
2019
2018
2017
2016
2015
2014
2013
2012
पुरालेख
Server 214
शीर्ष