14 मई 2026
एफ़एसडीसी उप-समिति की 33वीं बैठक
वित्तीय स्थिरता और विकास परिषद (एफएसडीसी-एससी) की उप-समिति की बैठक आज भारतीय रिज़र्व बैंक, मुंबई में आयोजित की गई। श्री संजय मल्होत्रा, गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक ने बैठक की अध्यक्षता की।
उप-समिति ने प्रमुख वैश्विक और घरेलू समष्टि-आर्थिक एवं वित्तीय क्षेत्र की गतिविधियों और वित्तीय स्थिरता पर प्रभाव डालने वाले विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उप-समिति ने विनियामक प्रक्रियाओं की गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बेहतर बनाने पर ज़ोर देते हुए, केवाईसी प्रक्रियाओं के सरलीकरण और विनियामक प्रभाव आकलन सहित विभिन्न अंतर-विनियामकीय मामलों में प्रगति की भी समीक्षा की।
एफएसडीसी-एससी ने अंतर-विनियामकीय समन्वय के माध्यम से वित्तीय क्षेत्र के आघात-सहनीयता में सुधार लाने पर अपना ध्यान केंद्रित करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की; तथा बढ़ते भू-राजनीतिक संघर्ष सहित उभरती चुनौतियों पर कड़ी नजर रखने की बात कही।
बैठक में उप-समिति के सदस्य, श्री तुहिन कांत पाण्डे, अध्यक्ष, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी); श्री अजय सेठ, अध्यक्ष, भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई), श्री एस रमन, अध्यक्ष, पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए), श्री के राजरमन, अध्यक्ष, अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय सेवा केंद्र प्राधिकरण (आईएफ़एससीए), श्री एस कृष्णन, सचिव, इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रोद्यौगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई), श्री. वी. वुअलनाम, सचिव, व्यय विभाग (डीओई), डॉ. वी. अनंत नागेश्वरन, मुख्य आर्थिक सलाहकार, सुश्री अपर्णा सिन्हा, सलाहकार, आर्थिक कार्य विभाग (डीईए), श्री अंशुमान पट्टनाइक, अवर सचिव, कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय (एमसीए), रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर - श्री स्वामीनाथन जे., डॉ. पूनम गुप्ता, श्री शिरिश चन्द्र मुर्मू, श्री रोहित जैन और डॉ. अजित रत्नाकर जोशी, कार्यपालक निदेशक, भारतीय रिज़र्व बैंक उपस्थित थे।
(ब्रिज राज)
मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/261 |