23 नवंबर 2026
गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक ने 23 नवंबर 2026 को मुंबई में चुनिंदा एनबीएफ़सी, एचएफ़सी के प्रबंध
निदेशकों, मुख्य कार्यपालक अधिकारियों और उद्योग-क्षेत्र के प्रतिनिधियों से मुलाकात की
विनियमित संस्थाओं के साथ रिज़र्व बैंक के सतत संवाद के एक भाग के रूप में, गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक, ने आज मुंबई में चुनिंदा गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफ़सी), जिसमें सरकारी एनबीएफ़सी, आवास वित्त कंपनियाँ (एचएफ़सी) और सूक्ष्म वित्त संस्थान शामिल थे, के प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (एमडी और सीईओ) के साथ एक बैठक की।
सा-धन, सूक्ष्म वित्त संस्थान नेटवर्क (एमएफआईएन) और वित्त उद्योग विकास परिषद (एफआईडीसी) के प्रतिनिधियों ने भी इस बैठक में भाग लिया।
इस बैठक में उप गवर्नर श्री स्वामीनाथन जे., डॉ. पूनम गुप्ता, श्री एस. सी. मुर्मू और श्री रोहित जैन के साथ-साथ रिज़र्व बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। राष्ट्रीय आवास बैंक के एमडी और सीईओ ने भी इस बैठक में सहभागिता की।
गवर्नर ने ऋण-पहुंच को व्यापक बनाकर आर्थिक गतिविधियों का सहारा देने में एनबीएफसी और एचएफसी की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने जिम्मेदार और सतत ऋण वृद्धि की आवश्यकता पर जोर दिया और एनबीएफसी से आग्रह किया कि वे अपने व्यवसाय का विस्तार करते समय ग्राहकों को प्राथमिकता दें। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सेवा, प्रभावी शिकायत निवारण और उचित वसूली प्रथाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने एनबीएफसी को ग्राहक ऑनबोर्डिंग के लिए केंद्रीय केवाईसी रिकॉर्ड रजिस्ट्री (सीकेवाईसीआर) का उपयोग करने और ग्राहक सुविधा में सुधार के लिए रजिस्ट्री में ग्राहक रिकॉर्ड को अद्यतित रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
गवर्नर ने प्रतिभागियों से आग्रह किया कि वे अपने साइबर सुरक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूत करें और साइबर और आईटी जोखिमों के प्रबंधन के लिए एक व्यापक, जोखिम-आधारित दृष्टिकोण अपनाएं, जिसमें उनके बोर्ड तथा वरिष्ठ प्रबंधन द्वारा उचित निगरानी की जाए।
चर्चा के दौरान, प्रतिभागियों ने एनबीएफ़सी क्षेत्र से जुड़े नीतिगत मुद्दों और परिचालनगत मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की।
(ब्रिज राज)
मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/1554 |