23 नवंबर 2026
गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक ने 23 नवंबर 2026 को मुंबई में चुनिंदा यूसीबी के अध्यक्षों एवं प्रबंध निदेशकों
और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों तथा उद्योग प्रतिनिधियों के साथ मुलाक़ात की
भारतीय रिज़र्व बैंक के विनियमित संस्थाओं के साथ सतत संवाद के भाग के रूप में, गवर्नर ने आज मुंबई में विभिन्न टियर के चुनिंदा शहरी सहकारी बैंकों (यूसीबी) के अध्यक्षों एवं प्रबंध निदेशकों और मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (एमडी और सीईओ) के साथ बैठक की।
प्रतिभागियों में नेशनल अर्बन को-ऑपरेटिव फाइनैंस एंड डेवलपमेंट कार्पोरेशन लिमिटेड तथा नेशनल फेडरेशन ऑफ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक एंड क्रेडिट सोसाइटीज लिमिटेड के प्रतिनिधि शामिल थे।
इस बैठक में रिज़र्व बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा उप गवर्नर, श्री स्वामीनाथन जे., डॉ. पूनम गुप्ता, श्री एस. सी. मुर्मू और श्री रोहित जैन भी उपस्थित रहे।
अपने प्रारंभिक वक्तव्य में गवर्नर ने कहा कि इस क्षेत्र में ऋण वृद्धि में सुधार हुआ है, जबकि लाभप्रदता में वृद्धि कम हो गई है। उन्होंने उधारकर्ताओं की पुनर्भुगतान क्षमता को ध्यान में रखते हुए, विवेकपूर्ण उधार देने के माध्यम से अभिशासन मानकों को सुदृढ़ करने और सतत विकास का समर्थन करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गवर्नर ने मिशन सक्षम, जो कि यूसीबी के लिए रिज़र्व बैंक की जारी प्रशिक्षण पहल है, पर प्रतिभागियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया का स्वागत किया और बैंकों से इसका पूरा उपयोग करने का आग्रह किया। इस बात पर जोर देते हुए कि साइबर जोखिम हर आकार के बैंकों को प्रभावित करता है, उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी को अपनाने के बाद, यूसीबी के लिए यह आवश्यक है कि वे मजबूत साइबर सुरक्षा ढांचे स्थापित करें। उन्होंने ग्राहक केंद्रितता और आंतरिक शिकायत निवारण में उच्च मानकों को बनाए रखने के महत्व पर भी जोर दिया।
प्रतिभागियों ने यूसीबी क्षेत्र से संबंधित नीतिगत समस्याओं और परिचालनगत मामलों पर अपनी प्रतिक्रिया और सुझाव दिए।
(ब्रिज राज)
मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/1553 |