प्रेस प्रकाशनी

(276 kb )
भारत के माननीय प्रधानमंत्री ने भुवनेश्वर, ओडिशा में भारतीय रिज़र्व बैंक के डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया

25 अक्तूबर 2026

भारत के माननीय प्रधानमंत्री ने भुवनेश्वर, ओडिशा में भारतीय रिज़र्व बैंक के डेटा सेंटर और
साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज ओडिशा के भुवनेश्वर में भारतीय रिज़र्व बैंक के नवस्थापित डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान का उद्घाटन किया। यह भारत की वित्तीय प्रणाली की तकनीकी नींव को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस कार्यक्रम में ओडिशा के माननीय राज्यपाल श्री ब्रजमोहन राम, ओडिशा के माननीय मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी; माननीय केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण; माननीय केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल ओराम; ओडिशा के माननीय उपमुख्यमंत्री श्री कनक वर्धन सिंह देव और श्रीमती प्रवती परिदा, तथा माननीय सांसद श्री मनमोहन सामल और श्रीमती अपराजिता सारंगी की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

2. अपने संबोधन में माननीय प्रधानमंत्री ने आज उद्घाटित संस्थानों - डेटा सेंटर और साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण संस्थान - के महत्व को रेखांकित किया, जो भारत के डिजिटल वित्तीय अवसंरचना को सुदृढ़ करने और तकनीकी आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में सहायक होंगे। प्रधानमंत्री ने इस सुविधा को भारत के अभिशासन के बदलते दृष्टिकोण का प्रतिबिंब बताया, जो आर्थिक विकास के लाभों को हर क्षेत्र और हर नागरिक तक पहुँचाने पर केंद्रित है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि एक सुरक्षित बैंकिंग प्रणाली के लिए सुरक्षित डिजिटल अवसंरचना आवश्यक है, जिसे सुदृढ़ डेटा सेंटरों और शक्तिशाली कंप्यूटिंग प्रणालियों का समर्थन प्राप्त हो, और भारतीय रिज़र्व बैंक का नया डेटा सेंटर इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

3. अपने संबोधन में, माननीय केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री ने वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने और सतत आर्थिक विकास को समर्थन देने में सुदृढ़ अवसंरचना के कार्यनीतिक महत्त्व को रेखांकित किया। उन्होंने आगे कहा कि इस नए डेटा सेंटर में आरबीरआई की आरटीजीएस और एनईएफटी सहित अत्यंत महत्त्वपूर्ण प्रणालियाँ स्थापित की जाएँगी। वहीं, प्रशिक्षण संस्थान साइबर सुरक्षा, एआई तथा अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में विशेषज्ञता विकसित करेगा।

4. अपने स्वागत संबोधन में, भारतीय रिज़र्व बैंक के गवर्नर श्री संजय मल्होत्रा ने इस कार्यक्रम में सहभागिता के लिए माननीय प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उभरती प्रौद्योगिकियों का लाभ उठाने, डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करने, साइबर सुरक्षा को बेहतर बनाने, स्वदेशी प्रौद्योगिकीय क्षमताओं का विकास करने तथा वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के देश के संकल्प को समर्थन देने के प्रति रिज़र्व बैंक की प्रतिबद्धता पर बल दिया।

5. इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार, राज्य सरकार, उद्योग जगत और शिक्षा जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों, गणमान्य व्यक्तियों, रिज़र्व बैंक के केंद्रीय बोर्ड के निदेशकों, बैंकों के प्रमुखों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और रिज़र्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

(ब्रिज राज)   
मुख्य महाप्रबंधक

प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/1384


2026
2025
2024
2023
2022
2021
2020
2019
2018
2017
2016
2015
2014
2013
2012
पुरालेख
शीर्ष