1 जुलाई 2026
आरबीआई ने श्री रवि शंकर को नए कार्यपालक निदेशक के रूप में नियुक्त किया
भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने श्री रवि शंकर को, 1 जुलाई 2026 से, कार्यपालक निदेशक (ईडी) के रूप में नियुक्त किया है।
ईडी के रूप में पदोन्नत होने के पूर्व, श्री शंकर बैंक के सांख्यिकी और सूचना प्रबंध विभाग के प्रभारी-परामर्शदाता के रूप में कार्यरत थे।
एक अनुभवी केंद्रीय बैंकर एवं सांख्यिकिविद्, श्री शंकर को भारतीय रिज़र्व बैंक में तीन दशकों से अधिक का कार्यानुभव प्राप्त है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कॉर्पोरेट, बैंकिंग सांख्यिकी, सरकारी प्रतिभूति बाज़ार एवं निपटान प्रणालियाँ, ऋण प्रबंधन तथा सर्वेक्षणों क्षेत्रों में कार्य किया है। वे समष्टि-आर्थिक सांख्यिकी तथा नीतिगत विषयों से संबंधित कई समितियों एवं कार्यकारी समूहों के सदस्य भी रहे हैं।
कार्यपालक निदेशक के रूप में श्री शंकर, सांख्यिकी और सूचना प्रबंध विभाग का दायित्व संभालेंगे।
श्री रवि शंकर ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में स्नातकोत्तर उपाधि तथा दिल्ली के आर्थिक विकास संस्थान से विकास नीति और योजना में डिप्लोमा प्राप्त किया है। वे भारतीय बैंकर संस्थान के प्रमाणपत्रित एसोसिएट (सीएआईआईबी) भी हैं।
(ब्रिज राज)
मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/586 |