25 जून 2026
गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक, ने 25 जून 2026 को मुंबई में निर्यात संगठनों के प्रतिनिधियों
के साथ बैठक की
श्री संजय मल्होत्रा, गवर्नर, भारतीय रिज़र्व बैंक ने आज मुंबई में विभिन्न निर्यात संघों, निर्यात संवर्धन परिषदों, भारतीय उद्योग महापरिसंघ की निर्यात समिति और भारतीय विदेशी मुद्रा व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।
बैठक में उप गवर्नर श्री स्वामीनाथन जे., डॉ. पूनम गुप्ता और श्री रोहित जैन तथा भारतीय रिज़र्व बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया।
अपने संबोधन में, गवर्नर ने भारत के आर्थिक रूपान्तरण में निर्यातकों के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला और वैश्विक व्यापार स्थितियों की अनिश्चितता तथा बदलती भू-राजनीतिक चुनौतियों के समक्ष उनकी आघात- सहनीयता की सराहना की। उन्होंने हितधारकों की चिंताओं को समझने और सम्यक नीति निर्माण को सुगम बनाने में इस तरह की बातचीत की महत्ता को रेखांकित किया।
बैठक के दौरान हुई चर्चाओं में विदेशी मुद्रा प्रबंध अधिनियम (फेमा), 1999 से जुड़े विषयों, जिनमें निर्यात संबंधी विनियमावली, निर्यात ऋण, साख पत्र और अन्य प्रक्रियात्मक पहलुओं को शामिल किया गया। प्रतिभागियों ने निर्यात क्षेत्र को प्रभावित करने वाले नीतिगत और परिचालनगत मामलों पर अपने सुझावों और प्रतिक्रियाओं को साझा किया।
रिज़र्व बैंक, प्राप्त सुझावों और प्रतिक्रियाओं की यथोचित जांच करेगा ताकि देश में निर्यात क्षेत्र को और समर्थन तथा प्रोत्साहन दिया जा सके।
(ब्रिज राज)
मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/546 |