बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का लोगो

प्रेस प्रकाशनी

(473 kb )
वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान निजी कॉर्पोरेट कारोबार क्षेत्र का कार्य-निष्पादन

16 जून 2026

वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान निजी कॉर्पोरेट कारोबार क्षेत्र का कार्य-निष्पादन

आज, भारतीय रिज़र्व बैंक ने वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान निजी कॉर्पोरेट क्षेत्र के कार्य-निष्पादन से संबंधित आंकड़े जारी किए, जो 3,266 सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों के संक्षिप्त वित्तीय परिणामों से लिए गए हैं।1 इनमें अनुक्रमिक (तिमाही-दर-तिमाही) और वार्षिक (वर्ष-दर-वर्ष) परिवर्तनों के अध्ययन को सक्षम बनाने के लिए 2025-26 की तीसरी तिमाही और 2024-25 की चौथी तिमाही के तुलनीय आंकड़े भी शामिल हैं। इन आंकड़ों को (वेब-लिंक https://data.rbi.org.in/DBIE/#/dbie/reports/Statistics/Corporate%20Sector/Listed%20Non-Government%20Non-Financial%20Companies) पर देखा जा सकता है।

मुख्य बातें

बिक्री

  • समग्र स्तर पर, सूचीबद्ध निजी गैर-वित्तीय कंपनियों ने 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान 13.9 प्रतिशत (वर्ष-दर-वर्ष) की दो-अंकों की बिक्री संवृद्धि दर्ज करना जारी रखा, जो पिछली तिमाही के 10.1 प्रतिशत से अधिक है (तालिका 1ए)।

  • 1,817 सूचीबद्ध निजी विनिर्माण कंपनियों की बिक्री में 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान 14.5 प्रतिशत (वर्ष-दर-वर्ष) की वृद्धि हुई, जबकि पिछली तिमाही में यह वृद्धि 11.4 प्रतिशत थी। यह वृद्धि मुख्य रूप से ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिलल मशीनरी और लौहे से इतर धातु उद्योगों के कारण हुई (चार्ट 1, तालिका 2ए और 5ए)।

Chart 1
  • सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों की बिक्री संवृद्धि पिछली तिमाही के 8.8 प्रतिशत से बढ़कर 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान 9.9 प्रतिशत (वर्ष-दर-वर्ष) हो गई।

  • गैर-आईटी सेवा कंपनियों की बिक्री संवृद्धि पिछली तिमाही की तुलना में 2025-26 की चौथी तिमाही में काफी बेहतर होकर 20.3 प्रतिशत हो गई, जो मुख्य रूप से थोक और खुदरा व्यापार उद्योग की अधिक बिक्री संवृद्धि से संचालित थी।

व्यय

  • वैश्विक अनिश्चितताओं के दौर में, विनिर्माण कंपनियों के कच्चे माल का व्यय 2025-26 की चौथी तिमाही में 18.3 प्रतिशत (वर्ष-दर-वर्ष) बढ़ गया; बिक्री की तुलना में कच्चे माल का अनुपात भी पिछले तिमाही के 57.5 प्रतिशत से बढ़कर चौथी तिमाही के दौरान 58.5 प्रतिशत हो गया, जो इनपुट लागत के दबाव को दर्शाता है (तालिका 2ए और 2बी)।

  • पिछली तिमाही की तुलना में 2025-26 की चौथी तिमाही के दौरान विनिर्माण कंपनियों की कर्मचारियों की लागत क्रमशः 9.8 प्रतिशत तक कम हुई। सेवा क्षेत्र में, गैर-आईटी सेवा कंपनियों के लिए कर्मचारियों की लागत संवृद्धि तीव्र गति से बढ़कर 8.9 प्रतिशत हो गई जबकि आईटी कंपनियों के लिए उक्त संवृद्धि चौथी तिमाही में भी पिछली तिमाही के समान बनी रही। विनिर्माण और आईटी कंपनियों के लिए बिक्री की तुलना में स्टाफ लागत का अनुपात 2025-26 की चौथी तिमाही में कम होकर क्रमशः 5.3 प्रतिशत और 9.4 प्रतिशत हो गया; तथापि, पिछली तिमाही की तुलना में चौथी तिमाही के दौरान आईटी कंपनियों के लिए इसमें मामूली वृद्धि हुई।

मूल्य निर्धारण क्षमता

  • इनपुट लागत में महत्वपूर्ण वृद्धि के साथ, विनिर्माण कंपनियों के परिचालन लाभ संवृद्धि पिछली तिमाही के 11.8 प्रतिशत (वर्ष-दर-वर्ष) से घटकर 2025-26 की चौथी तिमाही में 9.4 प्रतिशत हो गई। चौथी तिमाही के दौरान आईटी और गैर-आईटी सेवा कंपनियों के परिचालन लाभ की संवृद्धि क्रमशः 14.1 प्रतिशत और 6.5 प्रतिशत हो गई (तालिका 2ए)।

  • क्रमिक आधार पर, चौथी तिमाही के दौरान विनिर्माण कंपनियों का परिचालन लाभ मार्जिन स्थिर रहा, जबकि सेवा क्षेत्र की कंपनियों के लिए उक्त मार्जिन कम हो गया (चार्ट 2 और तालिका 2बी)।

Chart 2

ब्याज व्यय

  • ब्याज व्यय की तुलना में सकल लाभ में उच्च क्रमिक संवृद्धि के साथ, विनिर्माण कंपनियों का ब्याज कवरेज अनुपात (आईसीआर)2 पिछली तिमाही के 9.0 से बढ़कर 2025-26 की चौथी तिमाही में 9.5 हो गया। सेवा क्षेत्र के भीतर, गैर-आईटी सेवा कंपनियों का आईसीआर पिछली तिमाही की तुलना में चौथी तिमाही में 2.3 पर अपरिवर्तित रहा, जबकि चौथी तिमाही के दौरान आईटी फर्मों का आईसीआर उच्च स्तर पर बना रहा (तालिका 2बी)।

तालिकाओं की सूची
तालिका सं. शीर्षक
1 सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों का कार्यनिष्पादन संवृद्धि दर
बी चयनित अनुपात
2 सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों का कार्यनिष्पादन – क्षेत्र-वार संवृद्धि दर
बी चयनित अनुपात
3 चुकता पूंजी के आकार के अनुसार सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों का कार्यनिष्पादन संवृद्धि दर
बी चयनित अनुपात
4 बिक्री के आकार के अनुसार सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों का कार्यनिष्पादन संवृद्धि दर
बी चयनित अनुपात
5 उद्योग के अनुसार सूचीबद्ध गैर-सरकारी गैर-वित्तीय कंपनियों का कार्यनिष्पादन संवृद्धि दर
बी चयनित अनुपात
व्याख्यात्मक टिप्पणियां
शब्दावली

नोट:

  • विभिन्न तिमाहियों में कंपनियों का कवरेज, परिणामों की घोषणा की तारीख के आधार पर भिन्न होता है; तथापि, इससे समग्र स्थिति में महत्वपूर्ण परिवर्तन की आशा नहीं है।

  • संकलन पद्धति, और शब्दावली (पिछली रिलीज़ से भिन्न संशोधित परिभाषाओं और गणनाओं सहित) का विवरण देने वाले व्याख्यात्मक नोट संलग्न हैं।

(ब्रिज राज)   
मुख्य महाप्रबंधक

प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/468


1 स्रोत: कैपिटलाइन डेटाबेस

2 आईसीआर (अर्थात, ब्याज और कर से पहले की आय और ब्याज व्यय का अनुपात) किसी कंपनी की ऋण चुकाने की क्षमता का एक माप है। व्यवहार्य आईसीआर के लिए न्यूनतम मान 1 है।


2026
2025
2024
2023
2022
2021
2020
2019
2018
2017
2016
2015
2014
2013
2012
पुरालेख
Server 214
शीर्ष