24 सितंबर 2015
भारतीय रिज़र्व बैंक ने की अंतर-बैंक हिंदी निबंध प्रतियोगिता – 2015-16 की घोषणा
भारतीय रिज़र्व बैंक ने अंतर-बैंक हिंदी निबंध प्रतियोगिता 2015-16 के लिए आज निम्नलिखित विषय घोषित किए हैं :
1. वित्तीय समावेशन की मुहिम और प्रधानमंत्री जन-धन योजना
2. पेमेंट बैंक की अवधारणा - वित्तीय समावेशन के परिप्रेक्ष्य में
3. ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग – अवसर और चुनौतियां
बैंकिंग विषयों पर हिंदी में मौलिक लेखन को प्रोत्साहित करने के लिए रिज़र्व बैंक प्रत्येक वर्ष अंतर-बैंक हिंदी निबंध प्रतियोगिता आयोजित करता है। सरकारी क्षेत्र के सभी बैंकों (उनके द्वारा प्रायोजित क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों सहित), सरकारी वित्तीय संस्थाओं और भारतीय रिज़र्व बैंक के सभी कर्मचारी इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए पात्र हैं। इसमें राजभाषा अधिकारी और अनुवादक भाग नहीं ले सकते हैं।
प्रतियोगिता मातृभाषा के अनुसार (i) हिंदी भाषियों, (ii) मराठी, पंजाबी और गुजराती भाषियों तथा (iii) उक्त (i) एवं (ii) को छोड़कर अन्य भाषा-भाषियों के लिए अलग-अलग आयोजित की जाएगी। प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय पुरस्कार के लिए क्रमशः ₹ 11000, ₹ 7000 और ₹ 5000 का नकदी पुरस्कार दिया जाएगा।
अपनी मातृभाषा का उल्लेख करते हुए प्रतिभागी उपर्युक्त तीन विषयों में से किसी भी विषय पर लगभग 3000 से 4000 शब्दों में निबंध निम्नलिखित पते पर भेज सकते हैं :
महाप्रबंधक
राजभाषा विभाग
भारतीय रिज़र्व बैंक
केंद्रीय कार्यालय, सी-9, दूसरी मंजिल
बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स, बांद्रा (पूर्व)
मुंबई – 400 051
निबंध प्रस्तुत करने की अंतिम तारीख 16 नवंबर 2015 (सोमवार) है।
प्रतियोगिता के नियम अनुलग्नक ‘क’ में दिए गए हैं। भाग लेने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत किया जाने वाला प्रमाण-पत्र का फार्मेट, जिसमें यह बताया जाए कि उनका निबंध मौलिक है और उन्होंने उसे पुरस्कार या प्रकाशन के लिए अन्यत्र नहीं भेजा है, अनुलग्नक ‘ख’ में दिया गया है।
अल्पना किल्लावाला
प्रधान मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी : 2015-2016/752 |