प्रेस प्रकाशनी

(324 kb )
आरबीआई वर्किंग पेपर सं. 01/2026: राज्य-स्तरीय मुद्रास्फीति में डेटा संबंधी कमियाँ: कोविड अवधि के संदर्भ में एक आकलन

9 अक्तूबर 2026

आरबीआई वर्किंग पेपर सं. 01/2026:
राज्य-स्तरीय मुद्रास्फीति में डेटा संबंधी कमियाँ: कोविड अवधि के संदर्भ में एक आकलन

भारतीय रिज़र्व बैंक ने आज अपनी वेबसाइट पर रिज़र्व बैंक वर्किंग पेपर शृंखला1 के अंतर्गत एक वर्किंग पेपर प्रकाशित किया, जिसका शीर्षक है “राज्य-स्तरीय मुद्रास्फीति में डेटा संबंधी कमियाँ: कोविड अवधि के संदर्भ में एक आकलन”। यह पेपर पूर्णिमा शॉ और आर. के. सिन्हा ने मिलकर लिखा है।

कोविड-19 महामारी के प्रकोप के समय वैश्विक प्रतिबंधों के कारण आधिकारिक आँकड़ों के संग्रहण एवं संकलन में कठिनाइयाँ आईं। भारत में, अप्रैल और मई 2020 माह के लिए आधिकारिक मुद्रास्फीति के अनुमानित मूल्य सूचकांक समग्र स्तर पर जारी किए गए थे। हालाँकि, महामारी के चार माह अर्थात् अप्रैल और मई 2020 तथा अप्रैल और मई 2021 के राज्य-वार आधिकारिक मुद्रास्फीति के आँकड़े अभी भी अनुपलब्ध हैं।

इस संदर्भ में, इस पेपर में महामारी के दौरान उपर्युक्त चार माह के लिए राज्य-वार सीपीआई-यू मुद्रास्फीति संबंधी अनुमान प्राप्त करने के लिए आरबीआई द्वारा आयोजित मुद्रास्फीति पर घरेलू अपेक्षाओं का सर्वेक्षण (आईईएसएच) के सूक्ष्म आंकड़ों का उपयोग किया गया है। इस पेपर में आईईएसएच के महत्व का वर्णन किया गया है, जो महामारी के महीनों के दौरान द्विमासिक रूप से आयोजित और प्रसारित किया जाता रहा। केंद्र-वार शहरी उपभोक्ताओं की मुद्रास्फीति धारणाओं, तीन महीने आगे की मुद्रास्फीति अपेक्षाओं और राज्य-वार वास्तविक सीपीआई-यू मुद्रास्फीति संबंधी पिछले आंकड़ों का उपयोग करते हुए, यह पेपर निर्दिष्ट कोविड महीनों से संबंधित राज्य-वार आधिकारिक मुद्रास्फीति के अनुमान प्राप्त करता है। जब इन राज्य-वार मुद्रास्फीति अनुमानों को एकत्रित किया जाता है, तो वे अखिल भारतीय आधिकारिक सीपीआई मुद्रास्फीति शृंखला का बारीकी से अनुसरण करते हैं।

वर्तमान मुद्रास्फीति लक्ष्यीकरण व्यवस्था में राज्य-वार मुद्रास्फीति डेटा महत्वपूर्ण है, और इसलिए, विशिष्ट महीनों (जिनके लिए आधिकारिक सीपीआई डेटा प्रकाशित नहीं हुआ है) के लिए अनुमान प्रदान करना राज्य-स्तरीय मुद्रास्फीति समय-शृंखला डेटा से संबद्ध भावी अनुसंधान के लिए संभवतः उपयोगी हो सकता है।

(ब्रिज राज)   
मुख्य महाप्रबंधक

प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/1298


1 भारतीय रिज़र्व बैंक (आरबीआई) ने रिज़र्व बैंक वर्किंग पेपर शृंखला की शुरुआत मार्च 2011 में की थी। ये पेपर भारतीय रिज़र्व बैंक के स्टाफ सदस्यों और कभी-कभी बाहरी सह-लेखकों, जब अनुसंधान संयुक्त रूप से किया जाता है, के अनुसंधान की प्रगति पर शोध प्रस्तुत करते हैं। इन्हें टिप्पणियों और अतिरिक्त चर्चा के लिए प्रसारित किया जाता है। इन पेपरों में व्यक्त विचार लेखकों के हैं न कि उनसे संबंधित संस्थान (संस्थाओं) के। अभिमत और टिप्पणियां कृपया लेखकों को भेजी जाएं। इन पेपरों के उद्धरण और उपयोग में इनके अनंतिम स्‍वरूप का ध्यान रखा जाए।


2026
2025
2024
2023
2022
2021
2020
2019
2018
2017
2016
2015
2014
2013
2012
पुरालेख
शीर्ष