|
डॉ. एस सोमनाथ
डॉ. श्रीधर पणिक्कर सोमनाथ ने जनवरी 2025 तक प्रतिष्ठित वैज्ञानिक (शीर्ष) और सचिव, अंतरिक्ष विभाग और अध्यक्ष, इसरो के रूप में कार्य किया। डॉ. एस. सोमनाथ, जिनका करियर लगभग 40 वर्षों का है, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी और प्रक्षेपण वाहनों के सिस्टम इंजीनियरिंग के क्षेत्र में विशेषज्ञ हैं और उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वर्तमान में वह इसरो में प्रो. विक्रम साराभाई प्रोफेसर के रूप में, आईआईएससी, बैंगलोर में प्रतिष्ठित विजिटिंग प्रोफेसर, चाणक्य विश्वविद्यालय, बैंगलोर के कुलाधिपति और आंध्र प्रदेश राज्य सरकार के सलाहकार के रूप में कार्य कर रहे हैं।
डीओएस के सचिव के रूप में, उन्होंने राष्ट्रीय अंतरिक्ष नीति, निजी अंतरिक्ष पहलों के साथ इसरो की भागीदारी और अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्ट-अप का संचालन किया था। उनके नेतृत्व में मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास लैंडिंग पूरी हुई। उनके कार्यकाल के दौरान उल्लेखनीय मिशनों में आदित्य- L1, एक्सपोसैट, इनसैट- 3DS, एनवीएस-01, ओशनसैट, जीसैट-24, स्पाडेक्स और एलवीएम3- OneWeb मिशन शामिल हैं। उनके नेतृत्व में लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान और परीक्षण यान विकसित किए गए और पुन: प्रयोज्य प्रक्षेपण यान (आरएलवी-एलईएक्स) के लैंडिंग प्रयोग किए गए। उन्होंने गगनयान की संरचना में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और पहले मिशन अबोर्ट डेमोस्ट्रेशन को पूरा किया। उन्होंने 'स्पेस विजन-2047' विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसमें गगनयान विस्तार कार्यक्रम, चंद्रयान शृंखला और अन्य अन्वेषण मिशन, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन विकास और चंद्रमा पर मानव मिशन, नए लॉन्च पैड को सरकार द्वारा मंजूरी दी गई थी।
वह 2018-21 के दौरान विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) के निदेशक और 2015-18 के दौरान तरल प्रणोदन प्रणाली केंद्र (एलपीएससी) के निदेशक थे। वह LVM3-X/CARE मिशन के सिस्टम इंजीनियर और परियोजना निदेशक थे, जिसे दिसंबर, 2014 में सफलतापूर्वक पूरा किया गया था।
डॉ. एस. सोमनाथ ने टीकेएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, कोल्लम से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में विश्वविद्यालय रैंक के साथ बी.टेक., आईआईएससी, बैंगलोर से एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में स्वर्ण पदक के साथ स्नातकोत्तर और आईआईटीएम चेन्नई से पीएचडी की। उन्हें 18 विश्वविद्यालयों से मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया है।
वह भारतीय राष्ट्रीय इंजीनियरिंग अकादमी (आईएनएई), भारतीय राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी (आईएनएसए), एयरोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (एईएसआई), एस्ट्रोनॉटिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (एएसआई), यूएस नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियर्स (यूएस-एनएई) के फेलो हैं और इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ एस्ट्रोनॉटिक्स (आईएए) के सदस्य हैं। वह एईएसआई के अध्यक्ष (निर्वाचित) और एयरोस्पेस क्वालिटी एंड रिलाएबिलिटी सोसाइटी (एसएक्यूआर) के अध्यक्ष हैं। उन्हें इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉटिक्स फेडरेशन (आईएएफ) से हॉल ऑफ फेम पुरस्कार, इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ एस्ट्रोनॉटिक्स (आईएए) से वॉन-करमन पुरस्कार, एईएसआई से राष्ट्रीय एरोनॉटिक्स पुरस्कार, एएसआई से अंतरिक्ष स्वर्ण पदक, आईआईएससी, बैंगलोर और आईआईटी मद्रास से प्रतिष्ठित पूर्व छात्र पुरस्कार, आईआईटी कानपुर से प्रतिष्ठित फेलो पुरस्कार, कर्नाटक राज्योत्सव पुरस्कार, केरल प्रभा और केरल शास्त्र पुरस्कारम् से सम्मानित किया गया।
उन्होंने संरचनात्मक गतिशीलता और नियंत्रण, मटेरियल मॉडलिंग, पृथक्करण तंत्र के गतिशील विश्लेषण, कंपन और ध्वनिक परीक्षण, प्रक्षेपण वाहन डिजाइन और प्रक्षेपण सेवा प्रबंधन में पत्रिकाओं और सम्मेलनों में पेपर प्रकाशित किए हैं। डॉ. एस. सोमनाथ ने व्यापक रूप से यात्रा की है और अधिकांश वैश्विक अंतरिक्ष एजेंसियों और सुविधाओं का दौरा किया है, वह यूएन-सीओपीयूओएस के प्रतिनिधि रहे हैं, इंटरनेशनल एस्ट्रोनॉटिकल फेडरेशन (आईएएफ) (आईएएफ) के उपाध्यक्ष रहे हैं और विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष यात्री कांग्रेस (आईएसी) में भाग लिया है। |