4 मई 2026
श्री रोहित जैन ने भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर का कार्यभार संभाला
भारत सरकार की दिनांक 2 मई 2026 की अधिसूचना के अनुसरण में, श्री रोहित जैन ने आज (4 मई 2026) तीन वर्ष की अवधि के लिए अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, भारतीय रिज़र्व बैंक के उप गवर्नर का कार्यभार ग्रहण किया।
श्री जैन, उप गवर्नर के पद पर पदोन्नत किए जाने से पूर्व, रिज़र्व बैंक के कार्यपालक निदेशक थे।
उप गवर्नर के रूप में, श्री जैन बाह्य निवेश और परिचालन विभाग, वित्तीय बाज़ार विनियमन विभाग, आंतरिक ऋण प्रबंध विभाग, विदेशी मुद्रा विभाग, फिनटेक विभाग, जोखिम निगरानी विभाग, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, सरकारी और बैंक लेखा विभाग, कॉर्पोरेट कार्यनीति और बजट विभाग तथा राजभाषा विभाग का कामकाज देखेंगे।
श्री जैन, जो 34 वर्षों से अधिक अवधि से कार्यरत एक व्यापक और बहुआयामी अनुभव वाले पेशेवर केंद्रीय बैंकर हैं, 1991 में रिज़र्व बैंक में नियुक्त हुए और उन्होंने विभिन्न पदों पर कार्य किया है। कार्यपालक निदेशक के रूप में, वे पर्यवेक्षण विभाग (पर्यवेक्षी मूल्यांकन) का कार्यभार संभाल रहे थे। इससे पूर्व, श्री जैन ने पर्यवेक्षण विभाग, केंद्रीय कार्यालय, भारतीय रिज़र्व बैंक के मुख्य महाप्रबंधक के रूप में, तथा रिज़र्व बैंक के नई दिल्ली क्षेत्रीय कार्यालय में मुख्य महाप्रबंधक के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान की हैं।
श्री जैन ने विभिन्न क्षेत्रों की अनेक उच्च-स्तरीय समितियों में विभिन्न पदों पर कार्य किया। वे 'बैंकिंग पर्यवेक्षण बासेल समिति' (बीसीबीएस) और 'वित्तीय स्थिरता बोर्ड' (एफ़एसबी) के समूहों में आरबीआई के नामित सदस्य थे। उन्होंने नाबार्ड के 'पर्यवेक्षण बोर्ड' और सीएसआईआरटी-फिन की सलाहकार समिति में भी आरबीआई के नामित सदस्य के रूप में अपनी सेवाएँ प्रदान की। वे महाविद्यालय सलाहकार समिति, कृषि बैंकिंग महाविद्यालय, पुणे के अध्यक्ष तथा अकादमिक सलाहकार परिषद, पर्यवेक्षक महाविद्यालय, भारतीय रिज़र्व बैंक के सदस्य थे। श्री जैन ने बैंक ऑफ़ मॉरीशस में सलाहकार के रूप में और एक निजी क्षेत्र के बैंक के बोर्ड में आरबीआई के अतिरिक्त निदेशक के रूप में भी कार्य किया है।
श्री जैन गुजरात विश्वविद्यालय से एमबीए (वित्त) और दिल्ली स्कूल ऑफ़ इकोनॉमिक्स, दिल्ली विश्वविद्यालय से एम.कॉम हैं। वे इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ बैंकिंग के सर्टिफाइड एसोसिएट (सीएआईआईबी) भी हैं और उनके पास बैंकिंग जोखिम और विनियमन (जीएआरपी) में अंतरराष्ट्रीय प्रमाणपत्र भी है।
(ब्रिज राज)
मुख्य महाप्रबंधक
प्रेस प्रकाशनी: 2026-2027/203 |