Click here to Visit the RBI’s new website

प्रेस प्रकाशनी

(365 kb )
2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान भारत के भुगतान संतुलन की गतिविधियां

26 दिसंबर 2023

2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के दौरान भारत के भुगतान
संतुलन की गतिविधियां

दूसरी तिमाही अर्थात् जुलाई-सितंबर 2023-24 के लिए भारत के भुगतान संतुलन (बीओपी) से संबंधित प्रारंभिक आंकड़े, विवरण । (बीपीएम6 फॉर्मेट) और ।। (पुराना फॉर्मेट) में प्रस्‍तुत किए गए हैं।

2023-24 की दूसरी तिमाही के दौरान भारत के भुगतान संतुलन की मुख्य विशेषताएं

  • भारत के चालू खाते के शेष में 2023-24 की दूसरी तिमाही में 8.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर (जीडीपी का 1.0 प्रतिशत) का घाटा दर्ज किया गया, जो 2023-24 की पहली तिमाही के 9.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर (जीडीपी का 1.1 प्रतिशत) और एक वर्ष पहले [अर्थात्, 2022-23 की दूसरी तिमाही] 30.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर (जीडीपी का 3.8 प्रतिशत) से कम है।1

  • 2023-24 की दूसरी तिमाही में वर्ष-दर-वर्ष (व-द-व) आधार पर कम चालू खाता घाटे का कारण वस्तु व्यापार घाटे का 2022-23 की दूसरी तिमाही में 78.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर से कम होकर 61.0 बिलियन अमेरिकी डॉलर होना था।

  • सॉफ्टवेयर, व्यापार और यात्रा सेवाओं के बढ़ते निर्यात के कारण सेवा निर्यात में वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 4.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। निवल सेवा प्राप्तियाँ क्रमिक रूप से और वर्ष-दर-वर्ष दोनों आधार पर बढ़ीं।

  • प्राथमिक आय खाते पर निवल व्यय, जो मुख्य रूप से निवेश आय के भुगतान को दर्शाता है, एक वर्ष पहले के 11.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 12.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया।

  • निजी अंतरण प्राप्तियाँ, जो मुख्य रूप से विदेशों में कार्यरत भारतीयों द्वारा विप्रेषण का प्रतिनिधित्व करती हैं, 28.1 बिलियन अमेरिकी डॉलर थीं, जो एक वर्ष पहले के इसी अवधि के दौरान उनके स्तर से 2.6 प्रतिशत बढ़ी।

  • वित्तीय खाते में, निवल विदेशी प्रत्यक्ष निवेश में 2022-23 की दूसरी तिमाही में 6.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर के अंतर्वाह की तुलना में 0.3 बिलियन अमेरिकी डॉलर का बहिर्वाह देखा गया।

  • विदेशी पोर्टफोलियो निवेश में 4.9 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवल अंतर्वाह दर्ज किया गया, जो 2022-23 की दूसरी तिमाही के दौरान 6.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर से कम है।

  • 2023-24 की दूसरी तिमाही में भारत में बाह्य वाणिज्यिक उधारी में 1.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवल बहिर्वाह दर्ज किया गया, जबकि 2022-23 की दूसरी तिमाही में 0.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर का शुद्ध बहिर्वाह दर्ज किया गया।

  • 2022-23 की दूसरी तिमाही में 2.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर के निवल अंतर्वाह की तुलना में अनिवासी जमा में 3.2 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवल अंतर्वाह दर्ज किया गया।

  • 2023-24 की दूसरी तिमाही में विदेशी मुद्रा आरक्षित निधि (बीओपी के आधार पर) 2.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक बढ़ गया, जबकि 2022-23 की दूसरी तिमाही में 30.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर की कमी हुई थी। (तालिका 1)।

अप्रैल-सितंबर 2023 के दौरान बीओपी (2023-24 की पहली छमाही)

  • कम वस्तु व्यापार घाटे के कारण भारत का चालू खाता घाटा 2022-23 की पहली छमाही में सकल घरेलू उत्पाद के 2.9 प्रतिशत से घटकर 2023-24 की पहली छमाही में सकल घरेलू उत्पाद का 1.0 प्रतिशत हो गया।

  • मुख्य रूप से उच्च निवल सेवा प्राप्तियों के कारण वर्ष-दर-वर्ष आधार पर 2023-24 की पहली छमाही में निवल अदृश्य प्राप्तियाँ अधिक थीं।

  • 2023-24 की पहली छमाही में निवल एफडीआई प्रवाह 4.8 बिलियन अमेरिकी डॉलर था, जो 2022-23 की पहली छमाही में 19.6 बिलियन अमेरिकी डॉलर से कम था।

  • पोर्टफोलियो निवेश ने 2023-24 की पहली छमाही में 20.7 बिलियन अमेरिकी डॉलर का निवल अंतर्वाह दर्ज किया, जबकि एक वर्ष पहले 8.1 बिलियन अमेरिकी डॉलर का बहिर्वाह हुआ था।

  • 2023-24 की पहली छमाही में, विदेशी मुद्रा आरक्षित निधि (बीओपी आधार पर) में 27.0 बिलियन अमेरिकी डॉलर की वृद्धि हुई थी।

तालिका 1 : भारत के भुगतान संतुलन की प्रमुख मदें
(बिलियन अमेरिकी डॉलर)
  जुलाई-सितंबर 2023 प्रा जुलाई-सितंबर 2022 अप्रैल-सितंबर
2023 प्रा
अप्रैल-सितंबर
2022
  जमा नामे निवल जमा नामे निवल जमा नामे निवल जमा नामे निवल
क. चालू खाता 231.6 239.9 -8.3 225.3 256.2 -30.9 453.0 470.5 -17.5 456.4 505.2 -48.8
1. वस्तु 108.5 169.5 -61.0 111.9 190.2 -78.3 213.5 331.1 -117.7 234.6 376.0 -141.4
  जिसमें से:                        
     पीओएल 22.8 40.8 -17.9 23.9 53.4 -29.5 41.8 82.6 -40.7 50.8 106.6 -55.8
2. सेवाएं 83.4 43.4 40.0 80.0 45.6 34.4 163.9 88.9 75.1 156.1 90.6 65.5
3. प्राथमिक आय 11.6 23.8 -12.2 6.0 17.8 -11.8 20.3 43.1 -22.8 12.5 33.2 -20.6
4. द्वितीयक आय 28.1 3.2 25.0 27.5 2.7 24.8 55.3 7.4 47.9 53.1 5.4 47.7
ख. पूंजी लेखा और वित्तीय लेखा 202.5 195.1 7.5 180.3 148.5 31.8 384.3 367.0 17.3 373.2 323.9 49.3
  जिसमें से:                        
मुद्रा भंडार में परिवर्तन (वृद्धि (-)/कमी (+)) 0.0 2.5 -2.5 30.4 0.0 30.4 0.0 27.0 -27.0 30.4 4.6 25.8
ग. भुल-चूक (-) (क+ख) 0.8 0.0 0.8 0.0 0.9 -0.9 0.8 0.6 0.2 0.5 0.9 -0.4
प्रा: प्रारंभिक
नोट: पूर्णांकन के कारण उप घटकों का योग कुल योग से भिन्न हो सकता है।

(योगेश दयाल) 
मुख्य महाप्रबंधक

प्रेस प्रकाशनी : 2023-2024/1541


1 https://rbi.org.in/Scripts/BS_PressReleaseDisplay.aspx?prid=55933. For longer time series data, please see: CIMS DBIE (rbi.org.in) ›Statistics › External Sector › International Trade › Quarterly/Yearly.


2024
2023
2022
2021
2020
2019
2018
2017
2016
2015
2014
2013
2012
पुरालेख
Server 214
शीर्ष