Click here to Visit the RBI’s new website
श्री आनंद गोपाल महिंद्रा
Shri Anand Gopal Mahindra

श्री आनंद महिंद्रा, महिंद्रा समूह और महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड के अध्यक्ष हैं। उनके कार्यकाल में समूह ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑटोमोबाइल और कृषि से लेकर आईटी और एयरोस्पेस तक विभिन्‍न प्रकार के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में विस्तार किया है। समूह, स्वराज ट्रैक्टर, रेवा इलेक्ट्रिक कार कंपनी, सत्यम कंप्यूटर सर्विसेज, प्यूज़ो मोटरसाइकिल, एयरोस्टाफ ऑस्ट्रेलिया, हॉलिडे क्लब रिसॉर्ट्स और पिनिनफेरिना एस.पी.ए. जैसे अधिग्रहणों के माध्यम से इनॉर्गैनिक रूप से भी विकसित हुआ है।

उन्होंने कई प्रभावशाली राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय निकायों में कार्य किया है। इनमें संयुक्‍त राष्‍ट्र ग्लोबल कॉम्पेक्ट बोर्ड, विदेश संबंध परिषद के वैश्विक सलाहकार बोर्ड, विश्‍व बैंक समूह के एडवाइजरी बोर्ड फॉर डूइंग बिजनेस और सिंगापुर के आर्थिक विकास बोर्ड का अंतरराष्‍ट्रीय सलाहकार परिषद शामिल है। वे भारतीय उद्योग परिसंघ के अध्यक्ष रहे हैं और उन्होंने नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया और नेशनल काउंसिल ऑफ एप्लाइड इकोनॉमिक रिसर्च के बोर्ड में कार्य किया है। वे वर्तमान में इन्वेस्ट इंडिया, नेशनल इन्वेस्टमेंट प्रमोशन एंड फैसिलिटेशन एजेंसी के बोर्ड में हैं।

श्री महिंद्रा को 'व्यापार और उद्योग' के क्षेत्र में राष्ट्र के लिए उनके योगदान हेतु भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म भूषण पुरस्कार (2020) से सम्मानित किया गया है। उन्हें दुनिया भर में शीर्ष 30 सीईओ की बैरन की सूची (2016) और फॉर्च्यून पत्रिका की दुनिया के 50 महानतम नेताओं की सूची (2014) में नामित किया गया है। उन्‍हें एशियन सेंटर फॉर कॉरपोरेट गवर्नेंस एंड सस्टेनेबिलिटी (2012) द्वारा सर्वश्रेष्ठ परिवर्तनकारी नेता पुरस्कार प्रदान किया गया। उन्हें फ्रांसीसी गणराज्य के राष्ट्रपति द्वारा 'नाइट इन द नेशनल ऑर्डर ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर' (2016) नियुक्त किया गया था और इटली के राष्ट्रपति द्वारा उन्हें 'ग्रैंड ऑफिसर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार ऑफ इटली' (2013) से सम्मानित किया गया था।

श्री महिंद्रा ट्विटर पर 8.5 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स के साथ एक कुशाग्र व्यावसायिक टिप्पणीकार और मानवतावादी हैं। उनकी बहुत सारी सामाजिक परिवर्तन पहलों में एक है नन्ही कली कार्यक्रम, जिसने पिछले दो दशकों से 330,000 से अधिक अल्‍पसुविधा-प्राप्‍त लड़कियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा तक पहुंच प्रदान की है। श्री महिंद्रा भारत के अग्रणी गैर सरकारी संगठन नंदी फाउंडेशन के बोर्ड के अध्यक्ष हैं, जो लड़कियों को शिक्षित करने, युवाओं को कौशल प्रदान करने और बायोडायनामिक कृषि के माध्यम से छोटे किसानों को स्थायी आजीविका प्रदान करने पर केंद्रित है। श्री महिंद्रा 2 बिलियन डॉलर के इंपैक्‍ट फंड, द राइज फंड के संस्थापक बोर्ड में भी कार्यरत हैं।

वे कला और संस्कृति के प्रबल समर्थक हैं। महिंद्रा ब्लूज़, महिंद्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवार्ड्स और महिंद्रा सनतकदा भारत में संगीत, थिएटर संस्कृति, कला और इतिहास का उत्‍सव मनाते हैं और उसका परिपोषण करते हैं। श्री महिंद्रा लिंकन सेंटर, न्यूयॉर्क की वैश्विक सलाहकार परिषद के सदस्य हैं और इससे पहले लंदन के प्राकृतिक इतिहास संग्रहालय के न्यासी बोर्ड में कार्य कर चुके हैं।

2014 में, श्री महिंद्रा ने कबड्डी के प्राचीन और लोकप्रिय भारतीय खेल को लोकप्रिय बनाने के लिए प्रो कबड्डी लीग की स्थापना की। स्टार टेलीविजन नेटवर्क के माध्यम से टेलीविजन पर प्रसारित होने वाली इस लीग का उद्देश्य क्रिकेट के विपरीत कबड्डी के लिए एक नया लोकप्रिय प्रशंसक वर्ग बनाना है।

श्री महिंद्रा ने हार्वर्ड कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की (1977) और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए किया (1981)।


Server 214
शीर्ष